Udayprabhat
accident

काशीपुर में तेज रफ्तार खनन वाहन ने ली बाइक सवार की जान, आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में लगाई आग

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने खनन सामग्री से लदे 12 टायरा ट्रक को आग के हवाले कर दिया। हालात बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, काशीपुर के कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ढकिया नंबर एक गांव निवासी जयपाल सिंह (लगभग 60 वर्ष) सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे बाइक से किसी कार्य के लिए घर से निकले थे। घर से कुछ दूरी पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार खनन ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जयपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक की पहचान होते ही लोगों में गहरा शोक और आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने हादसे के लिए ट्रक चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर कुंडेश्वरी चौकी पुलिस और काशीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को भी बुलाया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि जयपाल सिंह दूध का व्यवसाय करते थे। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Comment