Udayprabhat
accidentuttrakhand

नैनीताल में भीषण सड़क हादसा, कार खाई में गिरी, एक ही परिवार के 4 लोग और ड्राइवर की मौत

नैनीताल: नैनीताल के भवालीगांव बाईपास के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार सभी 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और नैनीताल घूमने आए थे। बताया जा रहा है कि हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ। कार भवाली स्थित ढैला गांव के पास अचानक बेकाबू हो गई और सीधे खाई में जा गिरी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कैंची धाम क्षेत्र में फूड वैन लगाने वाले एक व्यक्ति ने कार को खाई में गिरते देखा, जिसके बाद उसने तुरंत 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सभी घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे में पिता, मां, बेटा, बेटी और चालक की मौत हुई है। मृतकों की पहचान मूल रूप से उधम सिंह नगर जिले के खटीमा निवासी चुफाल परिवार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में लखनऊ में रह रहे थे। मृतकों में दो वयस्कों के साथ 12 और 19 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं।

नैनीताल के सीओ रविकांत सेमवाल  ने बताया कि कार लखनऊ नंबर की थी और ड्राइवर की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Comment