नैनीताल: नैनीताल के समीप गेठिया क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां उन्नाव से घूमने आए चार पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, उन्नाव के पीताम्बर नगर निवासी अंकित चौधरी, अभिराज, अतुल दुबे और श्याम अपने निजी वाहन से धार्मिक यात्रा पर जागेश्वर धाम के लिए निकले थे। यात्रा के दौरान जैसे ही उनकी कार हल्द्वानी से आगे गेठिया क्षेत्र में पहुंची, अचानक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में गिर गई।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तल्लीताल थाना पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। इस दौरान अंकित चौधरी और अभिराज को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अतुल दुबे और श्याम गंभीर रूप से घायल पाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
