Udayprabhat
uttrakhand

हरिद्वार में गौतस्करी के शक पर युवक से मारपीट, पांच आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार: धार्मिक नगरी हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में गौतस्करी के शक में एक युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैरागी कैंप निवासी सद्दाम 19 मार्च की रात करीब आठ बजे टाटा 407 वाहन से दो गाय और एक बछड़ा लेकर दिनारपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान काली मंदिर बैरागी कैंप के पास कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने स्वयं को गौ सेवक बताते हुए सद्दाम पर गौकशी के उद्देश्य से पशु ले जाने का आरोप लगाया।

पीड़ित के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने उसे जबरन एक कार में बैठाकर उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मारपीट के बाद युवक को दोबारा पशु ले जाते हुए दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी पवन सहित पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और आरोपियों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है। यदि किसी को कोई संदेह हो तो वह पुलिस को सूचना दे, न कि हिंसा का सहारा ले।

Leave a Comment