Udayprabhat
accidentuttrakhand

रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, 3 लोगों की मौत

रुद्रप्रयाग: रुद्रप्रयाग जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। भीरी–ककोला मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम तुरंत हरकत में आई। अगस्त्यमुनि पोस्ट से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और अंधेरे व दुर्गम पहाड़ी इलाके के बावजूद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

मौके पर पहुंचने पर कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में खाई में मिली। वाहन में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। रेस्क्यू टीम ने कठिन परिस्थितियों में शवों को बाहर निकालने का अभियान चलाया, जिसमें एक शव को सड़क तक पहुंचा दिया गया है, जबकि अन्य को निकालने की प्रक्रिया जारी है।

मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30), अमित सिंह (35) और अंशुल (28) के रूप में हुई है, जो आसपास के गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन भी मौके पर मौजूद है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Comment