विकासनगर: देहरादून जिले के त्यूणी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। चिल्लाड़ राजस्व क्षेत्र में एक फोर्ड फ्रीस्टाइल कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही त्यूणी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई के कारण राहत एवं बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने खाई में उतरकर मृतक का शव और दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) त्यूणी भेजा गया। पुलिस के अनुसार, वाहन में चालक समेत कुल तीन लोग सवार थे।
सीएचसी त्यूणी भेजे गए घायल: एसडीआरएफ के टीम के कांस्टेबल नवीन सिंह ने बताया कि-
एसडीआरएफ पोस्ट त्यूणी को कॉलर के माध्यम से सूचना मिली कि चिल्लाड़ नामक स्थान पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है. घटनास्थल पर UP37P6641 फोर्डकार चकराता मोटर मार्ग से करीब 300 मीटर गहरी खाई मे गिरी हुई थी. वाहन में कुल तीन व्यक्ति सवार थे. इसमें एक व्यक्ति की घटनास्थल पर मौत हो चुकी थी. दो व्यक्ति घायल अवस्था में वाहन के पास फंसे हुए थे. रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को सीएचसी त्यूणी भेजा गया. शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया.
-नवीन सिंह, कांस्टेबल, एसडीआरएफ-
मृतक की पहचान 39 वर्षीय दुर्गेश चौधरी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के फतापुर का निवासी बताया गया है। वहीं घायलों की पहचान 27 वर्षीय सुनील मंडल, निवासी महावीर एन्क्लेव, दिल्ली और ऋषभ, निवासी देहरादून के रूप में हुई है।
त्यूणी थाना प्रभारी कुलदीप शाह के मुताबिक, हादसे में UP37P6641 नंबर की फोर्ड फ्रीस्टाइल कार सड़क से फिसलकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
