भगवानपुर: प्रताप कॉलोनी में 24 वर्षीय फाइनेंसर युवक आदित्य राणा उर्फ आदी राणा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पुरानी कहासुनी के बाद आरोपी ने समझौते के बहाने आदित्य को घर बुलाया और वहां मारपीट के बाद उसके सिर में तमंचे से गोली मार दी।
जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात आदित्य अपने दोस्तों के साथ फाइनेंस का कलेक्शन करने गया था। इस दौरान लक्की शर्मा उर्फ रोहित से उसका विवाद हो गया था। बाद में लक्की ने समझौते के लिए आदित्य को अपने घर बुलाया। आरोप है कि घर पहुंचने पर लक्की, उसके भाई राहुल शर्मा और पिता अनिल शर्मा ने आदित्य के साथ मारपीट की। इसके बाद लक्की ने तमंचे से उसके सिर में गोली मार दी।
घटना के बाद आदित्य का भाई सागर उसे बाइक से करौंदी स्थित आरोग्यम अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया।
मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने लक्की शर्मा उर्फ रोहित, राहुल शर्मा और अनिल शर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की जांच एसआई गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई है।
