पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ दिखाते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। 243 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिला है, जबकि महागठबंधन को उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं मिल पाया।
अंतिम नतीजों के अनुसार, एनडीए में शामिल भाजपा को 89, जेडीयू को 85, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 19, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेकुलर) को 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटें मिली हैं।
वहीं विपक्षी खेमे में आरजेडी को 25, कांग्रेस को 6, सीपीआई (एमएल) को 2 और सीपीएम व इंडियन इंक्लूसिव पार्टी को 1-1 सीट पर जीत हासिल हुई।
बिहार में सरकार बनाने के लिए 122 सीटों की आवश्यकता होती है। भाजपा और जेडीयू ने 101-101 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, जबकि लोजपा (रामविलास) ने 29 सीटों और हम तथा रालमो ने 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ा था।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहाँ उन्होंने पारंपरिक बिहारी अंदाज़ में गमछा लहराकर समर्थकों का अभिवादन किया। मोदी ने कहा कि इस बार बिहार के लोगों ने “गर्दा उड़ा दिया” और अब राज्य में न तो कट्टा राज लौटेगा और न जंगलराज।
जनता ने सरकार के प्रति जताया विश्वास : नीतीश

कहा- बिहार विकसित राज्यों में होगा शामिल
राजग ने इस चुनाव में दिखायी एकजुटता
पटना: मुख्यमंत्री और जनता दल (यू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रचंड जीत की ओर अग्रसर होने के बाद शुक्रवार को कहा कि जनता ने उनकी सरकार के प्रति विश्वास जताया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राजग के घटक दलों के प्रमुख नेताओं का धन्यवाद भी किया और कहा कि बिहार देश के सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा। कुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “बिहार विधानसभा चुनाव-2025 में राज्यवासियों ने हमें भारी बहुमत देकर हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है। इसके लिए राज्य के सभी सम्मानित मतदाताओं को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद।”
उन्होंने कहा, “आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को उनसे मिले सहयोग के लिए उनका नमन करते हुए हृदय से आभार एवं धन्यवाद।” जद (यू) अध्यक्ष ने कहा कि राजग ने इस चुनाव में पूरी एकजुटता दिखाते हुए भारी बहुमत हासिल किया है। उन्होंने कहा, “इस भारी जीत के लिए राजग गठबंधन के सभी साथियों चिराग पासवान जी, जीतन राम मांझी जी एवं उपेन्द्र कुशवाहा जी को भी धन्यवाद एवं आभार। “कुमार ने कहा, “आप सबके सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा तथा बिहार देश के सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।” नीतीश कुमार ने राजग को मिली प्रचंड जीत पर जनता और अपने सहयोगी दल के सभी नेताओं को आभार जताया। उन्होंने कहा कि आप सभी के सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा।
