Udayprabhat
Breaking Newsखेल

KKR vs LSG: लखनऊ सुपर जायंट्स की रोमांचक जीत, मुकुल चौधरी बने मैच के हीरो

182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ ने 3 विकेट से जीता मैच
27 गेंदों में नाबाद 54 रन, मुकुल चौधरी बने  प्लेयर ऑफ द मैच

KKR vs LSG IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 15वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने शानदार वापसी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 3 विकेट से हरा दिया। यह मुकाबला आखिरी ओवरों तक बेहद रोमांचक रहा, जहां युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी ने अपनी विस्फोटक पारी से मैच का रुख बदल दिया।

182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की टीम एक समय 128 रन पर 7 विकेट खो चुकी थी और हार लगभग तय लग रही थी। लेकिन इसके बाद मैदान पर आए मुकुल चौधरी ने हालात पूरी तरह पलट दिए। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के और 2 चौके शामिल थे। उनकी इस धमाकेदार पारी के दम पर लखनऊ ने असंभव सी लग रही जीत हासिल कर ली।

मुकुल ने आखिरी ओवरों में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाज आवेश खान के साथ मिलकर 24 गेंदों में 54 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी में मुकुल ने 52 रन बनाए, जबकि आवेश खान का योगदान मात्र 1 रन रहा। उनकी इस मैच जिताऊ पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इससे पहले लखनऊ की पारी में आयूष बदोनी ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 54 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज कुछ खास योगदान नहीं दे सके।

वहीं, कोलकाता की ओर से स्पिनरों  सुनील नाराणऔर अनुकूल रॉय ने किफायती गेंदबाजी की। नरेन ने 4 ओवर में सिर्फ 13 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि अनुकूल रॉय ने 2 विकेट झटके। हालांकि तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन कमजोर रहा, जिसकी वजह से टीम 181 रन का स्कोर बचा नहीं सकी।

पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 181 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान  रहाणे ने 24 गेंदों में 41 रन बनाए, जबकि रघुवंशी ने 45, कमरून ग्रीन ने 32 और  रोमान पावेल ने 39 रनों की उपयोगी पारी खेली।

लखनऊ के लिए मोहम्मद शमी और दिग्वेश राठी ने अच्छी गेंदबाजी की। शमी ने 4 ओवर में 27 रन दिए, जबकि राठी ने 1 विकेट हासिल किया।

कौन हैं मुकुल चौधरी?

मुकुल चौधरी राजस्थान के झुंझुनूं जिले के रहने वाले 21 वर्षीय युवा बल्लेबाज हैं। वह घरेलू क्रिकेट में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हैं। आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 2.6 करोड़ रुपये में खरीदा था। अपने पहले ही सीजन में उन्होंने इस शानदार पारी के जरिए खुद को एक उभरते हुए मैच विनर के रूप में साबित कर दिया है।

Leave a Comment