खटीमा: सितारगंज में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा अमरिया रोड स्थित मलपुरी के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर जा रही रेडी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेडी में सवार तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मृतकों की पहचान और परिवार में मातम
मृतकों की पहचान शादाब, नाजिम और सुलतान के रूप में हुई है, जो गौरीखेड़ा, सितारगंज के निवासी थे। इनमें से दो युवक सगे भाई बताए जा रहे हैं। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि हाल ही में रुद्रपुर के पंतनगर क्षेत्र में भी एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे इन हादसों ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
