एशिया कप 2025: आज से शुरू होगा क्रिकेट महाकुंभ, भारत का पहला मैच 10 सितंबर को
नई दिल्ली: हॉकी एशिया कप 2025 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद अब क्रिकेट में भी भारतीय टीम अपने कौशल और दबदबे को साबित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। बिहार में खेले गए हॉकी एशिया कप के फाइनल में भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से मात देकर खिताब अपने नाम किया था। अब बारी है क्रिकेट के एशिया कप की, जहां भारतीय टीम अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान समेत अन्य एशियाई टीमों को चुनौती देने उतरेगी।
9 सितंबर से होगा आगाज 28 को फाइनल

एशिया कप 2025 का आगाज़ मंगलवार, 9 सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में होगा। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला अफगानिस्तान और हांगकांग के बीच खेला जाएगा। खिताबी मुकाबला 28 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को मेज़बान यूएई के खिलाफ करेगी।
टी20 फॉर्मेट में मुकाबला, वर्ल्ड कप से पहले अहम तैयारी
यह टूर्नामेंट पूरी तरह टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में खेला जाएगा। अगले साल भारत और श्रीलंका में होने वाले आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप से पहले यह एशिया कप सभी टीमों के लिए एक महत्वपूर्ण अभ्यास साबित होगा। यहां जीत सिर्फ ट्रॉफी नहीं, बल्कि आगामी विश्व कप में आत्मविश्वास और रणनीतिक बढ़त भी दिलाएगी।
आठ टीमें, दो ग्रुप..
इस बार कुल आठ टीमें एशिया कप में हिस्सा ले रही हैं। इन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है।
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, ओमान और यूएई
ग्रुप B: अफगानिस्तान, बांग्लादेश, हांगकांग और श्रीलंका
हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सुपर फोर में प्रवेश करेंगी। इसके बाद शीर्ष दो टीमें फाइनल में भिड़कर एशिया कप के 17वें संस्करण के विजेता का फैसला करेंगी।
भारत-पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित टकराव

एशिया कप का सबसे रोमांचक पल 14 सितंबर को दुबई में देखने को मिलेगा, जब भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। यही नहीं, यदि दोनों टीमें सुपर 4 और फाइनल तक पहुंचती हैं तो दर्शकों को भारत-पाकिस्तान का मुकाबला तीन बार देखने को मिल सकता है। क्रिकेटप्रेमियों के लिए यह किसी उत्सव से कम नहीं होगा।
कुल 19 मैचों में से 11 मैच दुबई के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि शेष 8 मैच अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में होंगे। अधिकांश मुकाबले भारतीय समयानुसार रात 8:00 बजे से शुरू होंगे। हालांकि, 15 सितंबर को यूएई और ओमान के बीच होने वाला मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे से खेला जाएगा।
भारतीय दर्शक एशिया कप 2025 के सभी मुकाबले सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देख सकेंगे। इसके साथ ही सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर भी इन मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।
