Udayprabhat
Breaking Newsखेलदुनियादेश

एशिया कप 2025: बांग्लादेश ने हांगकांग को हराया 7 विकेट से, हांगकांग की 3 दिन में दूसरी हार

कप्तान लिटन दास की 59 रनों की धमाकेदार पारी और तौहीद हृदय के साथ अहम साझेदारी की बदौलत बांग्लादेश ने 144 रनों का लक्ष्य 17.3 ओवर में हासिल किया।

अबू धाबी:  एशिया कप 2025 के तीसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने हांगकांग पर सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की। यह बांग्लादेश की हांगकांग के खिलाफ पहली टी20 जीत है। वहीं, हांगकांग को तीन दिनों में दूसरी हार झेलनी पड़ी।

शेख जायद स्टेडियम में खेले गए ग्रुप बी मुकाबले में हांगकांग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 143 रन बनाए। टीम की ओर से निजाकत खान ने 42 और जीशान अली ने 30 रन की उपयोगी पारी खेली। कप्तान यासिम मुर्तजा ने भी 19 गेंदों पर 28 रन जोड़े, लेकिन डेथ ओवरों में लगातार विकेट गिरने से बड़ा स्कोर नहीं बन सका। बांग्लादेश के तस्कीन अहमद, तंजीद अहमद और रिशाद हुसैन ने 2-2 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने 17.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 144 रन बना लिए। कप्तान लिटन दास ने 39 गेंदों पर 59 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली और तौहीद हृदय (नाबाद 35) के साथ तीसरे विकेट के लिए 95 रनों की अहम साझेदारी की। उनकी इस शानदार बल्लेबाज़ी के लिए लिटन दास को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

हांगकांग के गेंदबाजों में अतीक इकबाल ने 2 और आयूष शुक्ला ने 1 विकेट लिया। हांगकांग को इससे पहले टूर्नामेंट के पहले मैच में अफगानिस्तान ने 94 रनों से हराया था।

एशिया कप 2025 का चौथा मुकाबला 12 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान और ओमान के बीच खेला जाएगा।

Leave a Comment