Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

देहरादून में जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई, करोड़ों के बकायेदारों की संपत्तियाँ सील

देहरादून जिला प्रशासन ने तीन बड़े बकाएदारों की संपत्ति कुर्क की.

देहरादून: देहरादून जिले में राजस्व वसूली को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर तहसील सदर क्षेत्र में एसडीएम (न्याय) कुमकुम जोशी के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने तीन बड़े बकायेदारों की संपत्तियाँ कुर्क कर सील कर दीं।

प्रशासनिक टीम ने राजपुर रोड स्थित विसप्रिंग विला में एक बिल्डर का 4 बीएचके फ्लैट सील किया है। इस बिल्डर पर 3.41 करोड़ रुपये की जीएसटी वसूली लंबित है। इसी तरह एक अन्य बिल्डर का कार्यालय सील करते हुए लगभग 33.83 लाख रुपये और 10 प्रतिशत संग्रह व्यय की वसूली की कार्रवाई की गई।
वहीं, तीसरे बकायेदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजपुर रोड स्थित कृष्णा होम में एक फ्लैट कुर्क किया गया है, जिस पर करीब 20.10 लाख रुपये का बकाया दर्ज है।

डीएम ने दिए हैं सभी एसडीएम को निर्देश

जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी उपजिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में बड़े बकायेदारों से शीघ्र राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने कहा कि अब बकाया कर या जीएसटी जमा न करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें संपत्ति कुर्की, सीलिंग और नीलामी तक की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

जारी रहेगी कार्रवाई: जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि जिले के बड़े बकायेदारों से राजस्व वसूली के निर्देश जिले के सभी उप जिलाधिकारियों को दिए गए हैं. राजस्व जमा न कराने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की गई है. आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.

Leave a Comment