जेमिमाह रोड्रिग्स की नाबाद पारी से भारत ने श्रीलंका को 8 विकेट से हराया, टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त
IND W vs SL W 1st T20: महिला वनडे वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद जेमिमाह रोड्रिग्स ने अपनी बेहतरीन फॉर्म को टी20 क्रिकेट में भी जारी रखते हुए नाबाद अर्धशतक जमाया। उनके दम पर भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका को आठ विकेट से हराकर 1-0 की बढ़त बना ली।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 20 ओवर में 6 विकेट पर 121 रन के मामूली स्कोर पर रोक दिया। इसके जवाब में भारत ने 17वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 32 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए जेमिमाह रोड्रिग्स ने 44 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से नाबाद 69 रन बनाए। उन्होंने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। जेमिमाह ने पहले स्मृति मंधाना के साथ 54 रन और फिर कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ 55 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को आसान जीत दिलाई।

इस मुकाबले में स्मृति मंधाना ने 25 रन बनाए और इसके साथ ही वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने वाली पहली भारतीय बल्लेबाज बन गईं। विश्व स्तर पर उनसे आगे अब केवल न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स हैं, जिनके नाम 4716 रन दर्ज हैं।
इससे पहले, नवी मुंबई में महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद अपने पहले मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी का फैसला किया। भारतीय फील्डरों से कुछ चूकें जरूर हुईं, लेकिन गेंदबाज़ों ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

श्रीलंका की शुरुआत धीमी रही और पावरप्ले में टीम सिर्फ 31 रन ही बना सकी। कप्तान चमारी अथापथ्थू 15 रन बनाकर क्रांति गौड़ की गेंद पर आउट हुईं, जो उनका पहला महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट रहा।
डेब्यू करने वाली स्पिनर वैष्णवी शर्मा भले ही विकेट नहीं ले सकीं, लेकिन उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 16 रन देकर किफायती गेंदबाजी की। दीप्ति शर्मा ने तीन ओवर में 10 रन देकर एक विकेट झटका, जबकि एन. श्री चरानी और क्रांति गौड़ ने भी एक-एक सफलता हासिल की।
भारत और श्रीलंका दोनों ही अलग-अलग सिलेक्शन फैसलों के साथ मैच में उतरे हैं. जहां भारत ने आजमाए हुए खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाया और अपनी 50 ओवर के वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के ज्दायातर खिलाड़ियों को बरकरार रखा, वहीं श्रीलंका ने कई युवा खिलाड़ियों को चुना, क्योंकि दोनों टीमें 2026 में होने वाले महिला T20 वर्ल्ड कप के लिए सबसे अच्छा कॉम्बिनेशन ढूंढने की कोशिश कर रही हैं.
