Udayprabhat
uttrakhandएजुकेशन

उत्तराखंड: चतुर्थ श्रेणी भर्ती पर बड़ा फैसला, शिक्षा मंत्री ने दिए 2364 पदों पर शीघ्र नियुक्ति के निर्देश

चतुर्थ श्रेणी भर्ती में देरी पर विभागीय मंत्री ने जताई नाराजगी
कहा-विभागीय स्तर पर कमेटी गठित कर तय करें सेवा शर्तें

देहरादून: विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न कार्यालयों एवं विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों की लंबे समय से लटकी भर्ती को लेकर विभागीय मंत्री डा.धन सिंह रावत ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने भर्ती में हो रही अनावश्यक देरी को लेकर विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाते हुए शीघ्र प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिये।

शासन स्तर से विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने को विभागीय स्तर पर कमेटी गठित करने के निर्देश जारी किये गये है। इसके साथ ही अधिकारियों को प्रयाग पोर्टल एवं सेवा योजना विभाग से समन्वय स्थापित कार्मिकों की योग्यता और सेवा शर्ते तय करने को कहा गया है।

विद्यालयी शिक्षा विभाग में आउटसोर्स के मायम से चतुर्थ श्रेणी के 2364 रिक्त पदों पर कार्मिकों की तैनाती न होने पर शिक्षा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया में हो रही अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को लंबित प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिये।

विभागीय समीक्षा बैठक में डा. रावत ने अधिकारियों को विभागीय स्तर पर एक कमेटी गठित करने के निर्देश दिये ताकि चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के लिये ठोस सेवा शर्ते तैयार किये जा सके। इसके अलावा उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्रयाग पोर्टल और कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने को भी कहा ताकि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का गतिरोध पैदा न हो।

विभागीय मंत्री के निर्देश पर चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के लिये शासन पर से विभागीय अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया गया है। इसमें विभागीय अधिकारियों को समिति गठित करने व कार्मिकों की सेवा शर्ते तय करने के ठोस निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ एक सप्ताह के भीतर प्रयाग पोर्टल पर अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित करने को भी कहा गया है।

Leave a Comment