बायकॉट की धमकी, लेकिन द्विपक्षीय सीरीज की चाह! पाकिस्तान का दोहरा खेल
India-Pakistan T20 World Cup match: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर सियासी और क्रिकेट ड्रामा अपने चरम पर पहुंच गया है। भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की धमकी देने वाला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अब आईसीसी की सख्ती के बाद बैकफुट पर नजर आ रहा है।
दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने पहले भारत के खिलाफ ग्रुप मैच का बायकॉट करने का फैसला लिया था, लेकिन आईसीसी की चेतावनी के बाद अब PCB बातचीत की मेज पर लौट आया है। हालांकि, पाकिस्तान ने मैच खेलने के लिए आईसीसी के सामने तीन चौंकाने वाली शर्तें रख दी हैं।
PCB की तीन विवादित मांगें
🔹 पहली मांग: पाकिस्तान को मिलने वाली आईसीसी फंडिंग में बढ़ोतरी
🔹 दूसरी मांग: भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट की बहाली
🔹 तीसरी मांग: मैदान पर अनिवार्य हँडशेक प्रोटोकॉल लागू किया जाए

PCB की दूसरी मांग ने सभी को हैरान कर दिया है। एक तरफ पाकिस्तान भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप मैच का बहिष्कार करना चाहता है, तो दूसरी तरफ वह भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज दोबारा शुरू कराने की मांग कर रहा है।
भारत सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट सिर्फ आईसीसी या मल्टीनेशन टूर्नामेंट तक सीमित रहेगा। ऐसे में PCB की यह मांग लगभग नामुमकिन मानी जा रही है।

हैंडशेक विवाद फिर उठा
PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने एशिया कप 2025 में हुए ‘नो-हैंडशेक विवाद’ को भी बैठक में उठाया। उस टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैचों में हाथ नहीं मिलाया था, यहां तक कि टॉस के दौरान भी दोनों कप्तानों के बीच हैंडशेक नहीं हुआ था।
इतना ही नहीं, एशिया कप फाइनल के बाद भारतीय टीम द्वारा PCB चेयरमैन से ट्रॉफी न लेने पर भी पाकिस्तान ने नाराजगी जताई थी। अब PCB इसी मुद्दे को लेकर हँडशेक को अनिवार्य बनाने की मांग कर रहा है, जबकि आईसीसी नियमों में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है।
अब क्या होगा भारत-पाक मैच?

आईसीसी डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा और अन्य अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद अब फैसला पाकिस्तान सरकार के हाथ में है। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी अगले 24–48 घंटों में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात कर सकते हैं।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या पाकिस्तान अपनी शर्तों पर अड़ा रहेगा या फिर क्रिकेट की सबसे बड़ी राइवलरी – भारत बनाम पाकिस्तान एक बार फिर मैदान पर देखने को मिलेगी।
