India vs South Africa 2nd T20: दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय क्रिकेट टीम को दूसरे टी20 मैच में 51 रनों से हरा दिया है.
IND vs SA: न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारत को दक्षिण अफ्रीका के हाथों 51 रनों से हार का सामना करना पड़ा। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला लिया, मगर यह निर्णय उम्मीद के विपरीत साबित हुआ।
दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से विकेटकीपर-बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 90 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 7 छक्के शामिल थे। वे अपने शतक से महज 10 रन दूर रह गए। कप्तान एडन मार्करम ने भी 29 रनों का योगदान दिया, जबकि डोनोवन फरेरा ने तेज गति से 31 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति तक पहुँचाया।

भारत की ओर से गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती सबसे सफल रहे। उन्होंने 2 विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल ने 1 विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनर शुभमन गिल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जबकि अभिषेक शर्मा 17 रन ही जोड़ सके। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 5 रन बनाकर आउट हो गए।
भारत का शीर्ष क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया, जिससे टीम शुरुआत में ही दबाव में आ गई। मध्यक्रम भी बड़ी साझेदारी खड़ी करने में नाकाम रहा। हार्दिक पांड्या ने 20 और अक्षर पटेल ने 21 रन बनाए। विकेटकीपर जितेश शर्मा ने 27 रन की पारी खेलकर कुछ उम्मीद जगाई, मगर दूसरे छोर से लगातार गिरते विकेटों ने भारत की वापसी की राह बंद कर दी।
टीम के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक बात तिलक वर्मा की पारी रही। उन्होंने साहसिक बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 62 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 5 छक्के शामिल थे। तिलक की यह तेज-तर्रार अर्धशतकीय पारी भी टीम को हार से बचा नहीं सकी। भारतीय टीम 19.1 ओवर में 162 रन पर सिमट गई और उसे 51 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज ओटनील बार्टमैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट हासिल किए। उनकी गेंदबाज़ी भारतीय बल्लेबाज़ों पर भारी पड़ी और उन्होंने मैच को दक्षिण अफ्रीका की झोली में डालने में अहम भूमिका निभाई।
