देहरादून: उत्तराखंड में सहायक अध्यापक (एलटी) विशेष शिक्षा शिक्षक भर्ती में अर्हता में किए गए महत्वपूर्ण बदलाव के बाद उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने आवेदन विंडो को पुनः खोल दिया है। अब आवेदक 31 दिसंबर 2024 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आयोग ने 12 सितंबर को विशेष शिक्षा शिक्षकों के 128 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। इसके लिए 17 सितंबर से 7 अक्तूबर तक आवेदन और 10 से 12 अक्तूबर तक संशोधन का अवसर दिया गया था। इसी बीच राज्य सरकार ने अर्हता नियमों में संशोधन करते हुए भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI) के डिप्लोमा इन एजुकेशन (D.Ed) विशेष शिक्षा को भी पात्रता में शामिल कर लिया। पहले केवल डीएलएड धारकों को ही आवेदन करने की अनुमति थी।
आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि अर्हता में हुए बदलाव को ध्यान में रखते हुए आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई है। आरसीआई डिप्लोमा धारक अब आवेदन कर सकते हैं। जिन उम्मीदवारों ने पहले आवेदन किया है, वे निर्धारित शुल्क देकर उसमें संशोधन भी कर सकते हैं।
समूह–ग के 57 पदों पर भी शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया
आयोग ने विभिन्न विभागों में समूह–ग के 57 पदों—जिनमें विधि सहायक, शोध अधिकारी, साहसिक खेल अधिकारी, कैमरामैन, फोटोग्राफर, मनोवैज्ञानिक, पर्यटन अधिकारी, कंप्यूटर प्रोग्रामर, मानचित्रकार, सर्वेक्षक, प्राविधिक सहायक, प्रशिक्षक, कलाकार, फोटोकॉपी मशीन ऑपरेटर, प्रोजेक्शनिस्ट, लाइनमैन और सहायक बोरिंग तकनीशियन शामिल हैं—के लिए भी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इन पदों के लिए 30 दिसंबर अंतिम तिथि तय की गई है। आवेदन में संशोधन 3 से 5 जनवरी के बीच किए जा सकेंगे। लिखित परीक्षा 9 मार्च से प्रस्तावित है।
