India vs South Africa 2nd Test: दक्षिण अफ्रीका ने गुवाहाटी टेस्ट को 408 रनों से जीतकर भारत के खिलाफ सीरीज 2-0 से अपने नाम की.
IndVsSA: गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया दूसरा टेस्ट मैच भारतीय क्रिकेट के इतिहास में यादगार साबित हुआ। साउथ अफ्रीका ने भारत को 408 रनों से हराकर व्हाइटवॉश कर दिया। यह भारत की टेस्ट क्रिकेट में रनों के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी हार है।
भारतीय टीम ने चौथी पारी में जीत के लिए 549 रन का पीछा किया, लेकिन टीम सिर्फ 140 रन पर ऑलआउट हो गई। पांचवें दिन के दूसरे सेशन में ही टीम ने अपने आखिरी 8 विकेट गंवा दिए, और भारत इस अंतर से मैच हार गई।
इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ने 25 साल बाद भारत में टेस्ट सीरीज पर कब्ज़ा किया। पिछली बार दक्षिण अफ्रीका ने भारत में 2000 में 2-0 से टेस्ट सीरीज जीती थी। अब साउथ अफ्रीका टेस्ट इतिहास की पहली ऐसी टीम बन गई है, जिसने भारत के खिलाफ भारत में दो बार व्हाइटवॉश किया है।

भारत की सबसे बड़ी टेस्ट हार (रनों के हिसाब से)
- 408 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, गुवाहाटी, 2025
- 342 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, नागपुर, 2004
- 341 रन बनाम पाकिस्तान, कराची, 2006
- 337 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, मेलबर्न, 2007
- 333 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, पुणे, 2017
- 329 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, कोलकाता, 1996
पांचवा दिन : दूसरा सेशन
भारतीय टीम ने तीसरे सेशन की शुरुआत 90/5 से आगे की लेकिन टीम ज्यादा देर तक हार को टाल नहीं पाई. 95 रन पर साई सुदर्शन (14) पवेलियन लौट गए. इसके बाद वाशिंगटन सुंदर (16), नीतीश कुमार रेड्डी (0), रविंद्र जडेजा (54) और मोहम्मद सिराज (0) आउट हुए. टीम भी 140 पर ढेर हो गई. जसप्रीत बुमराह 1 रन पर नाबाद रहे. जडेजा ने 87 बॉल में 4 चौके और 2 छक्कों के साथ 54 रनों की पारी खेली और टीम के टॉप स्कोरर रहे. अफ्रीका के लिए साइमन हार्मर ने 6 और केशव महाराज ने 2 विकेट चटकाए.
पांचवा दिन : पहला सेशन
भारत को दक्षिण अफ्रीका से जीत के लिए 549 का लक्ष्य मिला था. आज यानी पांचवे दिन की शुरुआत भारत ने चौथे दिन के स्कोर 16 ओवर में 27/2 से आगे शुरू की थी. इसके बाद पहले सेशन में भारत ने कुलदीप यादव, ध्रुव जुरेल और ऋषभ पंत के रूप में 3 विकेट गंवा दिए, जबकि चौथे दिन के स्कोर 27 में सिर्फ 33 रन जोड़े और टीम का स्कोर 90/5 पहले सेशन के अंत तक साई सुदर्शन 14 और रविंद्र जडेजा 23 रन बनाकर क्रीज पर नाबाद बने हुए हैं.

कैसा रहा अब तक मैच का हाल
दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 151.1 ओवर में 10 विकेट खोकर 489 रन बनाए. इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के लिए पहली पारी में सेनुरन मुथुसामी 109 रनों की शतकीय पारी खेली. उन्होंने 206 गेंदों में 10 चौके और 2 छक्कों के साथ 109 रन बनाए, जबकि मार्को जानसेन शतक लगाने से चूक गए. उन्होंने 91 बॉल में 6 चौके और 7 छक्कों के साथ 93 रन बनाए. भारत के लिए कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए.
इसके जवाब में भारत पहली पारी में तीसरे दिन 83.5 ओवर में 201 रनों पर ऑलआउट हो गया. भारत के लिए पहली पारी में यशस्वी जायसवाल टॉप स्कोरर रहे. उन्होंने 97 बॉल में 7 चौके और 1 छक्के के साथ 58 रनों की पारी खेली. उनके अलावा वाशिंगटन सुंदर ने 92 गेंदों में 2 चौके और 1 छक्के के साथ 48 रनों की पारी खेली. दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्को जानसेन ने 6 विकेट लिए.
दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी में 78.3 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 260 रन बनाकर अपनी पारी को घोषित कर दी. अफ्रीका के लिए तीसरे सेशन में ट्रिस्टन स्टब्स 180 बॉल में 9 चौके और 1 छक्के के साथ 94 रनों की पारी खेली. वियान मुल्डर 5 चौकों की मदद से 35 रनों की पारी खेली. भारत के लिए रविंद्र जडेजा ने 4 विकेट हासिल किए.

