राजगीर (बिहार): हीरो एशिया कप हॉकी 2025 में भारतीय टीम ने सोमवार को एकतरफा अंदाज में कजाकिस्तान को 15-0 से मात देकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने पूल-ए में शीर्ष स्थान पक्का कर लिया है और अब चीन के साथ अंतिम-4 में पहुंच गया है। वहीं, पूल-बी से मलेशिया और कोरिया ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है।
भारत का जबरदस्त आक्रमण
पूरे मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। भारत की ओर से अभिषेक सबसे बड़े स्टार रहे, जिन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए 4 गोल दागे। सुखजीत सिंह ने 3 गोल किए, जबकि कप्तान हरमनप्रीत सिंह और जुगराज सिंह ने 2-2 गोल कर टीम की बढ़त को और मजबूत किया। इसके अलावा दिलप्रीत सिंह, संजय, राजेंद्र सिंह और अमित रोहिदास ने भी 1-1 गोल दागकर स्कोर को 15 तक पहुंचा दिया। दूसरी ओर कजाकिस्तान की टीम पूरी तरह असहाय नजर आई और एक भी गोल नहीं कर पाई।
भारतीय टीम ने अब तक खेले गए 4 मैचों में कुल 40 गोल किए हैं। हर मैच में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन देखने को मिला है और यही वजह रही कि भारत अपने ग्रुप में अव्वल रहा।
राजगीर के दर्शक भारतीय खिलाड़ियों को चीयर करते नजर आए। पूरे मैच के दौरान स्टेडियम तालियों और नारों से गूंजता रहा। टीम को होम ग्राउंड का भी पूरा फायदा मिला और खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल से गोलों की बरसात कर दी। अब भारतीय टीम का लक्ष्य खिताब जीतकर देश का गौरव बढ़ाना होगा।

कोरिया ने बांग्लादेश को दी 5-1 से शिकस्त : टूर्नामेंट के चौथे दिन पहला मुकाबला कोरिया और बांग्लादेश के बीच खेला गया. इस मैच में कोरिया ने शानदार खेल दिखाते हुए बांग्लादेश को 5-1 से मात दी. बांग्लादेश की ओर से एकमात्र गोल सोहनूर सोबूज ने किया, जबकि कोरिया के लिए डैन सोन ने दो गोल दागे और जिहुन यंग, शियुनगो ली व शियोंग ओह ने एक-एक गोल किया. कोरिया ने मैच की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और बांग्लादेशी टीम पूरी तरह संघर्ष करती दिखी.
मलेशिया की गोलों की सुनामी : वहीं दूसरे मुकाबले में मलेशिया ने चीनी ताइपे पर एकतरफा अंदाज में 15-0 से जीत हासिल की. मलेशिया की ओर से अखीमुल्लाह अनवर ने पांच, असरान हमसानी ने चार, नूरसफीक सुमंत्री ने तीन, जबकि अबू कमल अजरी, एनडियालफियन जिफर्नेस और अमीन रोजेमी ने एक-एक गोल किये. ऐसा लगा मलेशिया ने गोलों की सुनामी ला दी हो. चीनी ताइपे के लिए यह मैच बेहद निराशाजनक रहा क्योंकि वह पूरे मैच में गोल करने का एक भी मौका नहीं बना सके. दूसरी ओर मलेशिया के खिलाड़ियों की तेजी और पासिंग ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया.
चीन और जापान में कांटे का मैच : तीसरा मुकाबला चीन और जापान के बीच खेला गया, जो काफी रोमांचक रहा. मैच के शुरुआती मिनटों से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया. चीन की ओर से चांगलियान लिन और शिओजिया जांग ने एक-एक गोल किया, जबकि जापान के लिए कुजुमसा मत्सुमोतो ने दोनों गोल दागे. पूरे मैच में एक पल चीन ने बढ़त बनाई तो अगले ही पल जापान ने बराबरी कर ली. अंततः यह कांटे का मुकाबला 2-2 पर समाप्त हुआ और दोनों टीमों को आपस में अंक बांटकर संतोष करना पड़ा. हालांकि जापान लीग से बाहर हो गई.
लीग में अब तक की स्थिति : अन्य मुकाबलों में कोरिया ने बांग्लादेश को 5-1 से हराया और सुपर-4 में जगह बनाई. मलेशिया ने चीनी ताइपे को 15-0 से रौंदकर टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जीत दर्ज की. तीसरे मुकाबले में चीन और जापान के बीच 2-2 से ड्रॉ रहा. लीग चरण के बाद सुपर-4 की तस्वीर साफ हो गई है. पूल-A से भारत और चीन, पूल-B से मलेशिया और कोरिया अंतिम चार में पहुंची हैं. अब ये चारों टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी.
