नई दिल्ली: निष्पक्ष व्यापार नियामक भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) इस बात की जांच कर रहा है कि क्या देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो ने प्रतिस्पर्धा मानदंडों का उल्लंघन किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह जानकारी विमानन कंपनी के उड़ान व्यवधानों को लेकर नियामक जांच का सामना करने के बीच सामने आई है।
उधर विमानन सुरक्षा नियामक डीजीसीए ने इंडिगो के परिचालन में भारी व्यवधान उत्पन्न करने के आरोप में चार उड़ान परिचालन निरीक्षकों (एफओआई) को निलंबित कर दिया है। विमानन कंपनी ने शुक्रवार को बेंगलुरु हवाई अड्डे से 50 से अधिक उड़ानें रद्द की हैं। उड़ान परिचालन निरीक्षक (एफओआई), नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के वरिष्ठ अधिकारी होते हैं जो इसके नियामक एवं सुरक्षा निरीक्षण कार्यों को अंजाम देते हैं और अकसर विमानन कंपनी के परिचालन की निगरानी के लिए तैनात किए जाते हैं। एक सूत्र ने बताया, “इंडिगो की उड़ानों में हाल ही में बड़े पैमाने पर हुए व्यवधान के संबंध में डीजीसीए के चार उड़ान परिचालन निरीक्षकों (एफओआई) को निलंबित कर दिया गया है।” उन्होंने साथ ही बताया, “इंडिगो ने शुक्रवार को बेंगलुरु हवाई अड्डे से 54 उड़ानें रद्द कर दी हैं। इनमें 31 आगमन एवं 23 प्रस्थान वाली उड़ानें हैं।
गौरतलब है कि इंडिगो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पीटर एल्बर्स और मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) इसिड्रे पोरक्वेरास शुक्रवार को दोपहर दो बजे डीजीसीए की जांच समिति के समक्ष फिर से पेश होंगे। डीजीसीए ने संकटग्रस्त इंडिगो की जांच बृहस्पतिवार को तेज कर दी। उसने परिचालन की निगरानी के लिए विमानन कंपनी के मुख्यालय में अधिकारियों की तैनाती की और एक जांच समिति ने सीईओ पीटर एल्बर्स से पूछताछ की। घरेलू बाजार में 65 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी रखने वाली इंडिगो ने दो दिसंबर से सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दीं जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी हुई है। अब स्थिति स्थिर हो रही है। विमानन सुरक्षा नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) उड़ान व्यवधानों की जांच करने के साथ-साथ इंडिगो के परिचालन की निगरानी भी बढ़ा रहा है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीसीआई आंतरिक रूप से इस बात की जांच कर रहा है कि क्या इंडिगो ने प्रतिस्पर्धा मानदंडों का उल्लंघन किया है। इंडिगो के निदेशक मंडल ने इन व्यवधानों के मूल कारणों का पता लगाने के लिए शुक्रवार को एक बाहरी विमानन विशेषज्ञ की नियुक्ति की घोषणा की। विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा, “चीफ एविएशन एडवाइजर्स एलएलसी परिचालन में आए व्यवधान और इसके लिए जिम्मेदार कारकों की स्वतंत्र विशेषज्ञ समीक्षा एवं आकलन करेगी। इसका नेतृत्व अनुभवी विमानन विशेषज्ञ कैप्टन जॉन इल्सन कर रहे हैं।
