Udayprabhat
Breaking Newsदेश

भारत दौरे पर नेपाल के PM बालेन शाह, पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता, इन समझौतों पर लगेगी मुहर!

नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह इन दिनों भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। सोमवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की महत्वपूर्ण बैठक हो रही है। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा के साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की जा रही है।

इससे पहले राष्ट्रपति भवन में नेपाली प्रधानमंत्री का औपचारिक स्वागत किया गया। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। इसके बाद बालेन शाह ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने वहां रखी आगंतुक पुस्तिका में अपने विचार भी दर्ज किए।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर बालेन शाह 22 से 23 नवंबर तक भारत की यात्रा पर हैं। रविवार को नई दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया था।

व्यापार और ऊर्जा सहयोग पर अहम चर्चा

नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के अनुसार, प्रधानमंत्री बालेन शाह की प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत में व्यापार, निवेश, ऊर्जा, परिवहन और कनेक्टिविटी जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होंगे। बैठक के बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्री संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी नेपाली प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज का आयोजन करेंगे।

 

इस यात्रा के दौरान बालेन शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे। उनके साथ नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। सरकारी प्रतिनिधिमंडल में कुल 35 सदस्य शामिल हैं, जबकि व्यापार जगत के 52 प्रतिनिधियों का अलग दल भी भारत आया है।

नेपाल की प्राथमिकताओं में बाढ़ राहत और हवाई मार्ग

नेपाल सरकार इस यात्रा को आर्थिक और रणनीतिक लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मान रही है। नेपाली पक्ष की प्रमुख मांगों में भारत से अतिरिक्त हवाई प्रवेश मार्ग हासिल करना, 26 अगस्त की विनाशकारी बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण के लिए आर्थिक सहायता और व्यापार एवं पारगमन से जुड़ी सुविधाओं में सुधार शामिल हैं।

वहीं, भारत की प्राथमिकताओं में नेपाल के हवाई क्षेत्र तक बेहतर पहुंच और नेपाल में भारतीय कंपनियों के निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना शामिल है। खासतौर पर ऊर्जा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जा सकता है।

संयुक्त विजन दस्तावेज जारी होने की संभावना

बैठक में दोनों देश ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, व्यापार, कनेक्टिविटी और आपदा प्रबंधन के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचार करेंगे। इस दौरान ‘समृद्ध नेपाल, समुन्नत भारत’ (Prosperous Nepal, Developed India) नाम से एक संयुक्त विजन दस्तावेज जारी किए जाने की भी संभावना है।

इसके जरिए दोनों देश भविष्य के लिए दीर्घकालिक सहयोग के लक्ष्य और प्राथमिकताएं निर्धारित कर सकते हैं। इसके अलावा कनेक्टिविटी और ऊर्जा क्षेत्र की पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन तथा नई परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने की उम्मीद है।

दोनों पक्ष शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास के क्षेत्रों में सहयोग से जुड़े समझौता ज्ञापनों (MoU) का भी आदान-प्रदान करेंगे.

Leave a Comment