रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में कारोबारी के घर हुई 90 लाख की नकदी और जेवरात की चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. चोरी की घटना को अंजाम देने वाले कोई और नहीं बल्कि पीड़ित करोबारी की बेटी और दामाद ही निकले, वहीं पुलिस ने दामाद और बेटी के साथ इस घटना में शामिल बेटी के जेठ को भी गिरफ्तार किया है. हालांकि पुलिस ने उनके पास से चोरी का माल भी बरामद किया है, पुलिस अब सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी कर रही है।
: गौर हो कि बीती 10 अप्रैल को मोहम्मद सरवर निवासी अम्बर तालाब ने कोतवाली गंगनहर पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसके अम्बर तालाब स्थित पुराने घर से लगभग 90 लाख रुपए की नकदी चोरी हो गई. तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की छानबीन शुरू की. उधर घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र डोबाल द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया गया. जिसपर कोतवाली गंगनहर पुलिस और सीआईयू रुड़की (क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट) की संयुक्त टीम द्वारा आरोपी पति पत्नी समेत 3 आरोपियों को दबोच कर लगभग 60 लाख रुपये की नकदी और ज्वैलरी व घटना में शामिल कार बरामद किया गया.
