देहरादून: बुधवार को विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट वृहद विधि और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खोले गए। गंगोत्री धाम के कपाट 10:30 बजे और यमुनोत्री धाम के कपाट 11:55 बजे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में मां गंगा की पूजा अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। गंगोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर खोले गए, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मां गंगा की डोली अपने शीतकालीन प्रवास मुखवा से भारी सुरक्षा के बीच और ढोल-नगाड़ों की धुन पर रात्रि विश्राम के बाद गंगोत्री पहुंची।
कपाट उद्घाटन के समय गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो गया। यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड में चार धाम यात्रा का शुभारंभ हो गया है। इस अवसर पर मां गंगा की विग्रह मूर्ति के दर्शन करने के लिए देशभर से श्रद्धालु यहां आए।
गंगोत्री मंदिर परिसर को 15 कुंटल फूलों से सजाया गया है। श्रद्धालुओं को अब छह महीने तक गंगोत्री धाम में मां गंगा के दर्शन का अवसर मिलेगा। यमुनोत्री धाम के कपाट भी रोहिणी नक्षत्र में खोले गए, जिससे श्रद्धालु अब छह महीने तक मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।