Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

भागीरथी नदी में डूबने के कगार पर थी महिला, एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू

उत्तरकाशी: गुरुवार सुबह भागीरथी नदी में जल लेने गई एक महिला के पैर फिसलने से वह डूबने लगी। महिला को बेहोशी की अवस्था में एसडीआरएफ द्वारा सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।

सूचना के अनुसार, गुरुवार को जिला नियंत्रण कक्ष, उत्तरकाशी से एसडीआरएफ को अलर्ट किया गया कि मणिकर्णिका घाट के पास एक महिला नदी में गिर गई है, जिसके रेस्क्यू के लिए टीम की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम पोस्ट उजेली से मुख्य आरक्षी वीरेंद्र पवार के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरण लेकर तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुँचने के बाद, एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए महिला रेखा, उम्र 32 वर्ष, निवासी कोटियाल गांव, लदाडी उत्तरकाश को बेहोशी की स्थिति में नदी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और जिला पुलिस की सहायता से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया। महिला की जान बचाने के लिए एसडीआरएफ की तत्परता की हर कोई सराहना कर रहा है।

Leave a Comment