पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में एक सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बुधवार रात को ग्राम सुकई के पास हुआ, जब एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
थाना थलीसैंण को जानकारी मिली तो पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल पर पाया गया कि बोलेरो (संख्या UK19TA-0624) राष्ट्रीय राजमार्ग बैजरो-थलीसैंण से लगभग 100 मीटर नीचे पूर्वी नयार नदी के किनारे गिरी हुई थी। वाहन में सवार 7 लोगों में 3 महिलाएं, 2 पुरुष और 2 बच्चे शामिल थे। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बीरोंखाल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी यात्री गाजियाबाद से अपने गांव की ओर लौट रहे थे। गंभीर स्थिति के चलते चार घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।