देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार, 4 जून को फिर से मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश पर्वतीय जिलों में आज बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पर्वतीय जिलों में आज तेज बारिश और बिजली गिरने का खतरा:
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमक सकती है और बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं।
मैदानी क्षेत्रों में भी असर, तेज हवाओं की चेतावनी :
राज्य के मैदानी जिलों—जैसे देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में भी बादल गरजने, बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में भी तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
5 जून को भी बारिश का अनुमान:
गुरुवार, 5 जून को भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बिजली चमकने का पूर्वानुमान है। वहीं, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
6 से 9 जून तक कैसा रहेगा मौसम?
शुक्रवार, 6 जून को भी कुछ पर्वतीय जिलों में बारिश हो सकती है। हालांकि, 7, 8 और 9 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने जनता को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है
