जन्मदिन के मौके पर देहरादून दौरे पर हैं राष्ट्रपति मुर्मू.
20 मई को जन्मदिन के अवसर पर देहरादून में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए.
मंच पर मौजूद सभी अतिथि हुए भावविभोर, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार और राज्यपाल गुरमीत सिंह भी हुए भावुक.
देहरादून: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं और आज उनके जन्मदिन के खास अवसर पर देहरादून में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर द एम्पावरमेंट ऑफ पर्सन्स विथ विजुअल डिसएबिलिटीज़ (NIVH) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एक भावुक क्षण देखने को मिला, जब राष्ट्रपति मंच पर बच्चों की प्रस्तुति के दौरान अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं और उनकी आंखें नम हो गईं।

कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने आमिर खान की फिल्म “तारे ज़मीन पर” का मशहूर गीत प्रस्तुत किया। बच्चों की मधुर और भावनाओं से भरी प्रस्तुति ने न केवल राष्ट्रपति को, बल्कि मंच पर मौजूद सभी अतिथियों को भी भावविभोर कर दिया। गीत के अंत में राष्ट्रपति की आंखों से आंसू बह निकले।
जैसे ही बच्चों ने अगले प्रस्तुति के साथ राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, राष्ट्रपति पूरी तरह से भावुक हो उठीं और मंच पर ही रो पड़ीं। उन्हें देखकर सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत रूमाल आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार तथा उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह भी उपस्थित थे। मंच पर मौजूद सभी लोग दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा और समर्पण को देखकर गहरे भाव में डूब गए थे।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कार्यक्रम के अंत में बच्चों को विशेष चश्मे पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। यह दृश्य वहां मौजूद सभी लोगों के दिल को छू गया और यह क्षण लंबे समय तक सभी की स्मृतियों में बना रहेगा।
