चमोली: उत्तराखंड के चमोली जनपद में एक बार फिर धरती हिली। बीती रात करीब 2:44 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.3 मापी गई। भूकंप का केन्द्र 10 किलोमीटर गहराई में था। झटके महसूस होते ही लोग घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे, हालांकि किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
चमोली में यह पिछले 15 दिनों में दूसरी बार भूकंप महसूस किया गया है। इससे पहले 1999 में चमोली में 6.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें कई लोगों की जान गई थी।
भूकंप के लिहाज़ से उत्तराखंड का बड़ा हिस्सा सिस्मिक ज़ोन 4 और 5 में आता है। खासकर चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जैसे सीमांत जिलों में लगातार झटके महसूस होते रहे हैं।
6 जुलाई को अल्मोड़ा में 3.4 तीव्रता,
8 जुलाई को उत्तरकाशी में 3.2 तीव्रता,
और अब 19 जुलाई को चमोली में 3.3 तीव्रता का भूकंप आया है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, पिछले 500 वर्षों में इस क्षेत्र में कोई बहुत बड़ा भूकंप नहीं आया है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि भविष्य में भूकंप की तीव्रता बढ़ सकती है।
