देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिज़ाज एक बार फिर बदल गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के अधिकांश जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क और सावधान रहने की अपील की है।
पिछले कुछ दिनों से पहाड़ी इलाकों में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं इसके कारण कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़क मार्गों के अवरुद्ध होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। शुक्रवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन दोपहर में तेज धूप ने फिर से गर्मी का एहसास करा दिया।
हालांकि, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी शनिवार को एक बार फिर से मौसम करवट ले सकता है। विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल सहित कई जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर को छोड़कर राज्य के बाकी जिलों के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों, खासकर पर्यटकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें। साथ ही, बिजली चमकने के समय पेड़ों के नीचे खड़े न हों और अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें।
राजधानी देहरादून की बात करें तो आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। देहरादून में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
