एनिमेटेड फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ बनी अगस्त के पहले शनिवार की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म, ‘सैयारा’ का भी फीका पड़ा जादू.
हैदराबाद: सिनेमा प्रेमियों के लिए यह सप्ताह कुछ खास रहा। रोमांस, एक्शन, थ्रिलर और कॉमेडी से सजी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों का दिल जीतने उतरीं, लेकिन जब बात आई अगस्त के पहले शनिवार की, तो बाज़ी मारी एक एनिमेटेड फिल्म ने—‘महावतार नरसिम्हा’।
जहां एक ओर लोग बड़े सितारों से सजी फिल्मों की चर्चा कर रहे थे, वहीं 25 जुलाई को रिलीज़ हुई यह एनिमेटेड फिल्म धीरे-धीरे दर्शकों के दिल में जगह बनाती चली गई। 2 अगस्त को यानी अपने रिलीज़ के नौवें दिन, ‘महावतार नरसिम्हा’ ने 15 करोड़ रुपये की तगड़ी कमाई की, और सैयारा, किंगडम, धड़क 2, और सन ऑफ सरदार 2 जैसी बहुचर्चित फिल्मों को पीछे छोड़ दिया।
‘सैयारा’ अब भी मजबूत, लेकिन कमाई में आई गिरावट

18 जुलाई को रिलीज़ हुई ‘सैयारा’ ने अपनी इमोशनल कहानी और दमदार अभिनय के दम पर बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त पकड़ बनाई। 17 दिनों में फिल्म 291 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। हालांकि तीसरे शनिवार को इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी और फिल्म ने 6.35 करोड़ रुपये की कमाई की। फिर भी ‘सैयारा’ अब तक की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्मों में शामिल हो चुकी है।
‘किंगडम’ की चमक फीकी पड़ी

31 जुलाई को रिलीज हुई विजय देवरकोंडा की एक्शन-ड्रामा ‘किंगडम’ ने ओपनिंग डे पर शानदार 18 करोड़ रुपये कमाए, लेकिन इसके बाद फिल्म की रफ्तार धीमी होती गई। शुक्रवार को कलेक्शन गिरकर 7.5 करोड़, और शनिवार को 8 करोड़ पर आ गया। तीन दिन में फिल्म 33.50 करोड़ तक ही पहुंच पाई।
‘धड़क 2’ और ‘सन ऑफ सरदार 2’ ने किया निराश

तृप्ति डिमरी और सिद्धांत चतुर्वेदी की ‘धड़क 2’ ने पहले दिन केवल 3.5 करोड़ रुपये कमाए, और शनिवार को मामूली बढ़त के साथ 3.75 करोड़ रुपये तक ही पहुंच पाई।
अजय देवगन की ‘सन ऑफ सरदार 2’ ने पहले दिन 7.25 करोड़, और दूसरे दिन 7.50 करोड़ की कमाई की, लेकिन फिल्म में कोई नई बात नहीं दिखी, जिसकी वजह से दर्शकों की रुचि कम होती दिखी।
‘महावतार नरसिम्हा’ की चौंकाने वाली कामयाबी
जहां स्टार-स्टडेड फिल्में उम्मीद से कम कर रही थीं, वहीं एनिमेशन और माइथोलॉजी के शानदार मेल वाली ‘महावतार नरसिम्हा’ ने चुपचाप अपनी पकड़ बना ली। 9 दिनों में 67.95 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर फिल्म ने यह साबित कर दिया कि कंटेंट ही असली किंग है।
इस सप्ताह का सबक साफ है—बड़ा नाम नहीं, बड़ी कहानी ही बॉक्स ऑफिस पर जीत दिलाती है।
