ओवल टेस्ट में 374 रनों का सफलतापूर्वक बचाव कर शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने रचा नया कीर्तिमान, मोहम्मद सिराज बने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और सीरीज के सबसे सफल गेंदबाज।
India smallest win in tests: शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 के पांचवें और निर्णायक टेस्ट मैच में भारत ने इंग्लैंड को सिर्फ 6 रनों से हराकर श्रृंखला 2-2 से बराबर कर दी। यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत की रन अंतर से सबसे छोटी और रोमांचक जीत बन गई है। इससे पहले 2004 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को वानखेड़े स्टेडियम में 13 रनों से हराया था, जो तब सबसे छोटी जीत थी।
यह मुकाबला लंदन के ओवल मैदान में खेला गया। पांचवें दिन जब इंग्लैंड को जीत के लिए केवल 35 रनों की जरूरत थी और उसके 4 विकेट बाकी थे, तब भारतीय गेंदबाजों ने करिश्माई प्रदर्शन किया। मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक विकेट लेकर इंग्लैंड की पारी समेट दी और भारत को 6 रनों से ऐतिहासिक जीत दिलाई।

भारत ने श्रृंखला की शुरुआत हार के साथ की थी। हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने भारत को पांच विकेट से हराया था। इसके बाद भारत ने शानदार वापसी करते हुए दूसरे टेस्ट में 336 रनों से बड़ी जीत हासिल की। तीसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 22 रनों से हराकर 2-1 की बढ़त बना ली थी। चौथा टेस्ट ड्रॉ रहा, जिससे भारत के लिए श्रृंखला जीतना या बराबरी पर लाना बेहद मुश्किल हो गया था। लेकिन पांचवें टेस्ट में गेंदबाजों, खासकर सिराज के धमाकेदार प्रदर्शन ने भारत को बराबरी दिला दी।
मोहम्मद सिराज इस मैच के हीरो रहे। उन्होंने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 5 विकेट लेकर कुल 9 विकेट झटके। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। पूरी श्रृंखला में सिराज ने 23 विकेट चटकाए और वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बने। खास बात यह रही कि उन्होंने पांचों टेस्ट मैचों की सभी 10 पारियों में गेंदबाजी की और लगातार टीम को ब्रेकथ्रू दिलाए। यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है, क्योंकि यह युवा नेतृत्व और टीम के जज्बे की मिसाल बन गई है।

