Udayprabhat
Breaking NewsEntertainmentदुनियादेश

‘मालेगांव फाइल्स’ का ऐलान, 2008 के धमाकों पर आधारित फिल्म, राजीव एस रूइया करेंगे निर्देशन-MALEGAON FILES

CINEDUST 18 FILMS के बैनर तले बन रही फिल्म ‘मालेगांव फाइल्स’ 2008 के मालेगांव बम धमाके की सच्ची घटना पर आधारित होगी, जिसमें राजनीति, जांच एजेंसियों की भूमिका और न्याय प्रणाली पर भी सवाल उठाए जाएंगे।

हैदराबाद: प्रोड्यूसर साहिल सेठ ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी CINEDUST 18 FILMS PVT. LTD. के बैनर तले एक नई राजनीतिक थ्रिलर फिल्म ‘मालेगांव फाइल्स’ की घोषणा की है। इस फिल्म का निर्देशन राजीव एस रूइया करेंगे, जो ‘माय फ्रेंड गणेशा’ जैसी लोकप्रिय फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। फिल्म वर्ष 2008 में मालेगांव में हुए बम धमाके पर आधारित है, जिसने देश को झकझोर कर रख दिया था और एक लंबे, जटिल कानूनी संघर्ष की शुरुआत की थी।

यह फिल्म उस संवेदनशील और विवादास्पद केस की तह तक जाकर उन पहलुओं को सामने लाएगी, जो वर्षों तक जांच एजेंसियों की भूमिका, हिरासत में प्रताड़ना के आरोपों और न्याय प्रणाली की निष्पक्षता पर सवाल उठाते रहे। मेकर्स ने स्पष्ट किया है कि यह फिल्म सनसनी फैलाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि सच को संवेदनशीलता और यथार्थ के साथ दर्शाने की मंशा से बनाई जा रही है।

29 सितंबर 2008 को हुए धमाके में 6 लोगों की मौत हुई थी और 100 से अधिक घायल हुए थे। शुरुआती जांच में इसका आरोप इस्लामिक संगठनों पर लगा, लेकिन बाद की जांच में हिंदू उग्रवाद से जुड़े नाम सामने आए। इसमें साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर और लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित जैसी विवादास्पद हस्तियों की गिरफ्तारी हुई। यह भारत का पहला मामला था जिसे “हिंदुत्व आतंकवाद” से जोड़ा गया। हाल ही में अदालत ने इस केस के सभी सात आरोपियों को बरी कर दिया।

फिल्म की स्क्रिप्ट जांच रिपोर्टों, कोर्ट दस्तावेजों और असली गवाहियों के आधार पर तैयार की जा रही है, जिससे फिल्म में यथार्थ और निष्पक्षता बनी रहे। मेकर्स का कहना है कि यह सिर्फ एक धमाके की कहानी नहीं, बल्कि उस तूफान की कहानी है जो उसके बाद आया — जिसमें मानवता, राजनीति, और सच्चाई की जद्दोजहद है।

फिल्म फिलहाल प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है और इसकी शूटिंग 2025 के अंत तक शुरू होने की संभावना है। इसमें कई मंझे हुए कलाकारों के शामिल होने की उम्मीद है। कास्ट और शूटिंग से जुड़ी अन्य जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।

Leave a Comment