Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड में भारी बारिश से मचा हाहाकार, केदारनाथ यात्रा स्थगित, यात्रियों की बढ़ी परेशानियां -UTTARAKHAND HEAVY RAIN

पैदल मार्ग बाधित, श्रद्धालु जहां हैं वहीं सुरक्षित रोकें गए, नदी किनारे जाने पर सख्त मनाही.

रुद्रप्रयाग: राज्य में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। विशेष रूप से रुद्रप्रयाग जिले में हालात गंभीर बने हुए हैं। भारी बारिश के चलते सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच केदारनाथ धाम को जोड़ने वाला मुख्य राजमार्ग मलबा और पत्थरों के कारण बाधित हो गया है। प्रशासन ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए केदारनाथ यात्रा को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया है।

रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने जानकारी दी कि जो श्रद्धालु रास्ते में हैं, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। साथ ही, गौरीकुंड से केदारनाथ के मध्य कुछ स्थानों पर पैदल मार्ग भी असुरक्षित हो गया है, जिससे आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें सतर्क हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

नदियों का रौद्र रूप, जलस्तर खतरे के पार

इस भीषण बारिश के कारण मंदाकिनी और अलकनंदा नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। विशेष रूप से अलकनंदा नदी ने रुद्रप्रयाग में डेंजर लेवल पार कर लिया है। नदी किनारे के सभी घाट और रास्ते जलमग्न हो चुके हैं। प्रशासन ने नदी किनारे जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।

रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी से लगभग 30 मीटर की दूरी पर स्थित भगवान शिव की 15 फीट ऊँची मूर्ति भी अब नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण नजर नहीं आ रही है। यदि बारिश का सिलसिला यूं ही जारी रहा, तो हालात और अधिक बिगड़ सकते हैं।

राज्यभर में तबाही, उत्तरकाशी में भीषण आपदा

गढ़वाल मंडल के अन्य क्षेत्रों में भी भारी बारिश के चलते भारी नुकसान हुआ है। उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई आपदा ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। कई संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

रेड अलर्ट जारी, प्रशासन की अपील

मौसम विभाग ने आगामी घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। ऐसे में जिला पुलिस ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और जो जहां हैं, वहीं सुरक्षित रहें। पुलिस बल पूरे जिले में हाई अलर्ट पर है और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

उत्तराखंड इस समय एक गंभीर प्राकृतिक आपदा की स्थिति से जूझ रहा है। प्रशासन सतर्क है और लगातार राहत कार्यों में लगा हुआ है, लेकिन मौसम की बेरुखी चिंता का विषय बनी हुई है। लोगों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

Leave a Comment