27 वर्षीय ब्राजीलियाई फुटबॉलर जेफरसन मेरली का नदी में डूबने से हुआ दुखद निधन, क्लब डेस्पोर्टिवो काल्डेलस और फुटबॉल प्रेमियों ने जताया गहरा शोक।
खेलते रह गए सपने, जेफरसन मेरली का सफर नदी में थम गया.
Brazilian Footballer dies: फुटबॉल दुनिया उस समय शोक में डूब गई जब पुर्तगाल से आई एक खबर ने सबका दिल तोड़ दिया। 27 वर्षीय ब्राजीलियाई गोलकीपर जेफरसन मेरली की 2 अगस्त को नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपनी प्रेमिका के साथ तैराकी के लिए पुर्तगाल की होमेम नदी में गए थे। नदी में तैरते वक्त वह अचानक लापता हो गए।
घटना शाम लगभग 6 बजे की है। जब मेरली को डूबता देख उनकी प्रेमिका ने तत्काल अलार्म बजाया। मौके पर पहुंची बचाव टीमों और गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान चलाया और लगभग तीन घंटे बाद रात 9:30 बजे उनका शव नदी से बरामद किया गया।
खेल की दुनिया का चमकता सितारा बुझ गया
जेफरसन मेरली ने अपने फुटबॉल करियर की शुरुआत 2019 में ब्राजील के क्लब यूनियाओ से की थी। गोलकीपर के रूप में पहचान बनाने के बाद वह पुर्तगाल के क्लब डेस्पोर्टिवो काल्डेलस से जुड़े और हाल ही में जुलाई 2025 में अपना अनुबंध नवीनीकृत किया था।
क्लब ने दी भावनात्मक श्रद्धांजलि
क्लब डेस्पोर्टिवो काल्डेलस ने अपने आधिकारिक बयान में लिखा:
> “जेफरसन ने सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम में भी अपनी सकारात्मक ऊर्जा से सभी को प्रभावित किया। उनकी दोस्ती, समर्पण और टीम भावना हमेशा हमारे साथ रहेगी।”
“हम उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। जेफरसन, तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।”
फुटबॉल की दुनिया एक और सितारे को खो बैठी
यह घटना फुटबॉल प्रेमियों को उस हादसे की भी याद दिलाती है जब 3 जुलाई को लिवरपूल और पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम के फॉरवर्ड प्लेयर डिओगो जोटा की भी कार दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। महज़ एक महीने में दो होनहार खिलाड़ियों का यूं अचानक चला जाना खेल जगत के लिए एक गहरा झटका है।
आखिरी सलाम एक सच्चे खिलाड़ी को
जेफरसन मेरली का जाना सिर्फ एक खिलाड़ी का जाना नहीं है, बल्कि वह भावना, संघर्ष और सपनों का अंत है जिसे उन्होंने अपने खेल से जिया। उनका मुस्कुराता चेहरा और मैदान पर उनका समर्पण, उन्हें हमेशा के लिए यादगार बना देगा।
