Udayprabhat
Breaking Newsदुनियादेशराजनीति

राहुल गांधी का आरोप, महाराष्ट्र में वोटर लिस्ट के नाम पर हुआ बड़ा घोटाला, चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत का दावा

नई दिल्ली:  कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में गड़बड़ी कर चुनाव परिणामों को प्रभावित किया गया। दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कई सबूतों और आंकड़ों के साथ इस कथित घोटाले की जानकारी दी।

“5 महीने में जुड़े 1 करोड़ नए मतदाता”

राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में पिछले पांच महीनों में एक करोड़ से ज्यादा नए मतदाता जोड़े गए, जो एक असामान्य संख्या है। उन्होंने इसे संदेहास्पद वृद्धि बताते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों में जहां विपक्षी गठबंधन मजबूत रहा, वहीं विधानसभा चुनावों में बीजेपी गठबंधन की जीत का यह अंतर साफ तौर पर गड़बड़ी की ओर इशारा करता है।

उन्होंने दावा किया, “शाम 5 बजे के बाद अचानक भारी मतदान दर्ज किया गया, और इसी समय पर वोटिंग पैटर्न में बड़ा बदलाव देखा गया। यह दिखाता है कि कुछ न कुछ गड़बड़ी जरूर हुई है।

फर्जी पते और डुप्लीकेट वोटर

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में हजारों फर्जी पते दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि तीन प्रकार की गड़बड़ियां सामने आईं:

ऐसे पते जो वास्तव में अस्तित्व में नहीं हैं।

‘0’ नंबर वाले घर – जैसे मकान संख्या 0, गली संख्या 0।

ऐसे पते जो सत्यापित नहीं हो सकते।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि बूथ नंबर 366 पर 46 मतदाताओं का एक ही बेडरूम वाले घर में पंजीकरण है, लेकिन जब कांग्रेस टीम ने उस पते का दौरा किया, तो वहां कोई नहीं मिला।

“एक ही व्यक्ति चार बार वोटर लिस्ट में”

उन्होंने एक और गंभीर उदाहरण पेश किया – गुरकीरत सिंह डांग नाम के व्यक्ति का नाम चार अलग-अलग मतदान केंद्रों में दर्ज था, वही नाम, वही पता। राहुल ने कहा कि इस तरह के 11,965 डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं और यह कोई एक विधानसभा क्षेत्र की बात नहीं है, बल्कि यह पैटर्न पूरे राज्य में देखने को मिला है।

“भाजपा एंटी-इंकंबेंसी से क्यों नहीं प्रभावित होती?”

राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि देश की राजनीति में सत्ता-विरोधी लहर (एंटी-इंकंबेंसी) सामान्य बात है, लेकिन बीजेपी इससे कैसे अछूती रह जाती है? उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल, ओपिनियन पोल और पार्टी के आंतरिक सर्वेक्षण कुछ और दिखाते हैं, लेकिन नतीजे हमेशा इसके उलट क्यों आते हैं?

“यह भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ अपराध है”

राहुल गांधी ने कहा, “हमने जो सबूत पेश किए हैं, वे भारतीय संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ किए जा रहे एक सुनियोजित अपराध को उजागर करते हैं। यह चुनाव आयोग और सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा मिलकर किया गया एक बड़ा आपराधिक घोटाला है।”

उन्होंने अंत में कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सिर्फ प्रेस कॉन्फ्रेंस तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इसे देशव्यापी आंदोलन बनाकर लोगों तक ले जाएगी।

Leave a Comment