नेता प्रतिपक्ष पर हमले का आरोप, कांग्रेस ने धामी सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा.
नैनीताल में हाथापाई, नेता प्रतिपक्ष पर हमला का आरोप.
देहरादून/हरिद्वार: नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान जिला मुख्यालय में आज माहौल गरमा गया। भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हाथापाई हुई। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। इस घटना के विरोध में प्रदेशभर में कांग्रेस ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है और धामी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
देहरादून में पुतला दहन
नैनीताल में हुई घटना के विरोध में देहरादून में कांग्रेसियों ने एश्ले हॉल चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। कांग्रेस प्रवक्ता मोहन काला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव अपने पक्ष में करने के लिए हर हथकंडा अपना रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष के साथ हुई हाथापाई निंदनीय है।
महिला कांग्रेस का आरोप – पुलिस बनी मूकदर्शक
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए तरह-तरह की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के साथ मारपीट के बावजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही। रौतेला ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है।
हरिद्वार में भी गूंजा विरोध
इस घटना को लेकर हरिद्वार में भी कांग्रेसियों में गुस्सा देखा गया। कनखल चौक पर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन किया। कांग्रेस नेता रकित बलिया ने कहा कि पंचायत चुनाव शुरू होने से ही सरकार का “घमंडी चेहरा” सामने आ गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि सत्ता में बने रहने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल करने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांग्रेस इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।
