Argentina football team: लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना टीम ने 2022 में फीफा वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा था.
फुटबॉल फैंस के लिए खुशखबरी: अर्जेंटीना टीम आएगी भारत, मेसी की मौजूदगी पर रहस्य.
हैदराबाद: लंबे समय से चल रही अटकलों और चर्चाओं के बाद आखिरकार अर्जेंटीना फुटबॉल टीम ने भारत दौरे की पुष्टि कर दी है। अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) ने शनिवार, 23 अगस्त को यह ऐलान किया कि विश्व चैंपियन टीम नवंबर 2025 में भारत आएगी और केरल में एक फ्रेंडली मैच खेलेगी। हालांकि, अभी तक उनके प्रतिद्वंदी की घोषणा नहीं की गई है और सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टीम के कप्तान और सुपरस्टार लियोनेल मेसी भी भारत आएंगे या नहीं।
एएफए का आधिकारिक बयान
अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि टीम इस साल के शेष समय में दो फीफा फ्रेंडली मैच खेलेगी। पहला मैच अक्टूबर में अमेरिका में होगा, जबकि दूसरा नवंबर में अंगोला की राजधानी लुआंडा और भारत के केरल में आयोजित किया जाएगा। टीम की कमान मुख्य कोच लियोनेल स्कोलोनी के हाथों में होगी।
केरल के प्रशंसकों के लिए सम्मान
अर्जेंटीना टीम ने फीफा विश्व कप 2022 की ऐतिहासिक जीत के बाद खास तौर पर केरल का धन्यवाद किया था। उस समय मेसी के नेतृत्व में टीम ने भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ केरल का भी विशेष आभार जताया था।
केरल सरकार ने भी इस दौरे को लेकर उत्साह व्यक्त किया है। राज्य के खेल मंत्री वी. अब्दुल रहमान ने कहा, “केरल के फुटबॉल प्रशंसकों का प्यार और समर्थन अद्भुत रहा है। अर्जेंटीना टीम का भारत आना हमारे लिए गर्व की बात होगी।”
ग्रीनफील्ड स्टेडियम में संभावित मैच
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अर्जेंटीना का यह मैच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेला जा सकता है। स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मौजूद हैं और यहाँ पहले भी कई बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट और क्रिकेट मैच हो चुके हैं।
मेसी की मौजूदगी पर असमंजस
सबसे बड़ी उत्सुकता इस बात को लेकर है कि क्या 38 वर्षीय मेसी इस दौरे का हिस्सा बनेंगे। दुनिया भर में करोड़ों प्रशंसक रखने वाले मेसी के भारत आने की संभावना से ही माहौल रोमांचक हो गया है।
पिछले दिनों कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि मेसी दिसंबर में भारत आ सकते हैं। खबरों के मुताबिक, वह 12 दिसंबर की रात को कोलकाता पहुँचेंगे और उसके बाद मुंबई, अहमदाबाद व दिल्ली में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनकी यह यात्रा 15 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के साथ समाप्त हो सकती है। हालांकि, इस शेड्यूल को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
भारत में फुटबॉल प्रेम और अर्जेंटीना का जुड़ाव
भारत, खासकर केरल, पश्चिम बंगाल और उत्तर-पूर्वी राज्यों में फुटबॉल का जुनून बेहद गहरा है। अर्जेंटीना और ब्राज़ील के बीच की ऐतिहासिक फुटबॉल प्रतिद्वंद्विता ने यहाँ लाखों प्रशंसकों को अपनी ओर खींचा है।
विश्व चैंपियन अर्जेंटीना के भारत आने से न केवल फुटबॉल प्रशंसकों का उत्साह बढ़ेगा बल्कि भारतीय खेल जगत को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
अर्जेंटीना फुटबॉल टीम का यह दौरा भारतीय फुटबॉल के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकता है। चाहे मेसी आएँ या नहीं, लेकिन उनकी टीम का भारत में खेलना ही एक बड़ा आकर्षण है। अगर मेसी इस दौरे में शामिल होते हैं, तो यह देश के प्रशंसकों के लिए जीवन भर का अविस्मरणीय अनुभव होगा।
