उत्तरकाशी: पाली गांव में 35 परिवारों को सालों से सरकारी पेयजल योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है. ग्रामीणों को पानी की आपूर्ति कई बार खच्चरों से पूरी करनी पड़ रही है. वहीं पेयजल निगम की लापरवाही के कारण कई बार ग्रामीण स्वयं ही पाइपलाइन को ठीक कर आपूर्ति पूरी करते हैं. ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही उनकी पेयजल लाइन सुचारू नहीं किया गया तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.
पेयजल योजना से जोड़कर जल जीवन मिशन के तहत पानी का टैंक बनाया गया था. लेकिन उससे आज तक गांव के लोगों को पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई है. ग्रामीण कई बार पुरानी पाइपलाइन को ठीक कर पेयजल आपूर्ति पूरी करते हैं. लेकिन उस पर तीन, चार दिन से अधिक पानी की आपूर्ति नहीं हो पाती है.
निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य ममलेश रावत ने बताया कि इस संबध में कई बार पेयजल निगम और प्रशासन को अवगत करवाया गया. लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि आखिर कब तक उन्हें अपने संसाधनों से पानी की आपूर्ति पूरी करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा. इसलिए अगर अब विभाग सुनवाई नहीं करता है तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा.
