Udayprabhat
Breaking Newsखेलदुनियादेश

आखिरकार झुका पाकिस्तान! 15 फरवरी को कोलंबो में होगा भारत-पाकिस्तान महामुकाबला

नई दिल्ली: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने सोमवार को औपचारिक रूप से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो गया।

सरकार की मंजूरी के बाद PCB को मिली अनुमति

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने आईसीसी, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और अन्य सदस्य देशों के साथ हुई उच्चस्तरीय बातचीत की जानकारी दी। सभी पहलुओं पर विचार के बाद पाकिस्तान सरकार ने टीम को मैदान में उतरने की अनुमति दे दी।

पाकिस्तान ने पहले अपनी सरकार की सलाह पर भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की बात कही थी। इससे पूरे टूर्नामेंट पर संकट के बादल मंडराने लगे थे। हालांकि आईसीसी की सख्ती, बांग्लादेश की अपील और लगातार बातचीत के बाद पाकिस्तान को अपने रुख में नरमी लानी पड़ी।

लाहौर बैठक के बाद बदला पाकिस्तान का रुख

लाहौर में हुई अहम बैठक कई घंटों तक चली। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान की ओर से रखी गई ज्यादातर मांगों को आईसीसी ने खारिज कर दिया। इसके बाद पीसीबी ने बहिष्कार का फैसला वापस लिया और भारत-पाकिस्तान मुकाबले का रास्ता साफ हो गया।

आईसीसी और ब्रॉडकास्टर्स को मिली बड़ी राहत

भारत-पाकिस्तान मैच को क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा और सबसे ज्यादा कमाई वाला मुकाबला माना जाता है। इसके रद्द होने से आईसीसी, ब्रॉडकास्टर्स और सदस्य बोर्डों को भारी आर्थिक नुकसान होता। अब मुकाबला तय समय पर होने से पूरे क्रिकेट इकोसिस्टम को बड़ी राहत मिली है।

पाकिस्तान की शर्तों को आईसीसी ने किया खारिज

लाहौर बैठक में पाकिस्तान ने द्विपक्षीय सीरीज, त्रिपक्षीय टूर्नामेंट, हैंडशेक विवाद और रेवन्यू शेयरिंग जैसी कई शर्तें रखी थीं, लेकिन आईसीसी ने किसी भी मांग को स्वीकार नहीं किया। अंततः पाकिस्तान को अपने कदम पीछे खींचने पड़े।

बांग्लादेश पर कोई कार्रवाई नहीं करेगा आईसीसी

आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि भारत में अपने टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने से इनकार करने पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर कोई आर्थिक कार्रवाई नहीं की जाएगी। यह फैसला बीसीबी और पीसीबी से बातचीत के बाद लिया गया। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की घोषणा की थी, लेकिन अब वह भी वापस ले ली गई है।

Leave a Comment