Udayprabhat
uttrakhand

कोटद्वार में फायर एनओसी के नाम पर रिश्वतखोरी, लीडिंग फायरमैन 20 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

कोटद्वार: फायर एनओसी जारी कराने के नाम पर रिश्वत मांगना कोटद्वार फायर स्टेशन में तैनात एक लीडिंग फायरमैन को भारी पड़ गया। विजिलेंस टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कोटद्वार स्थित एक निजी स्कूल ने फायर एनओसी के लिए फायर स्टेशन में आवेदन किया था। इस मामले की जांच लीडिंग फायरमैन रणवीर सिंह को सौंपी गई थी। बताया गया कि स्कूल प्रबंधन द्वारा सभी आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की औपचारिकताएं पूरी करने के बावजूद फाइल को आगे उच्चाधिकारियों को नहीं भेजा जा रहा था।

आरोप है कि लीडिंग फायरमैन ने एनओसी जारी करने के बदले स्कूल प्रबंधन से पहले 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। बातचीत के बाद सौदा 20 हजार रुपये में तय हो गया। इससे परेशान स्कूल प्रबंधन ने डायल-164 पर विजिलेंस को शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की प्राथमिक जांच सही पाए जाने पर विजिलेंस टीम ने ट्रैप योजना बनाई। सोमवार को आरोपी ने स्कूल प्रबंधक को फायर स्टेशन के पास पैसे लेकर बुलाया। जैसे ही उसने 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया, जहां से कुछ दस्तावेज बरामद किए गए हैं। उनकी जांच की जा रही है। आरोपी को मंगलवार को स्पेशल विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा।

विजिलेंस डायरेक्टर ने कहा भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस: विजिलेंस निदेशक डॉ वी मुरुगेशन की ओर से कहा गया है कि-

सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है. हर शिकायत को गंभीरता से लेकर कार्रवाई की जा रही है. कोटद्वार में भी हमारी टीम ने शिकायत दर्ज की. शिकायत प्राथमिक जांच में सही पाए जाने पर आरोपी को पकड़ लिया गया है.
-डॉ वी मुरुगेशन, निदेशक, विजिलेंस-

Leave a Comment