देहरादून: देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाष नगर में देर रात एक टेंट हाउस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे टेंट और शामियाने का सामान उसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
मौके पर पहुंची फायर टीम ने पाया कि प्रताप मार्ग स्थित प्लॉट में नरेन्द्र टेंट हाउस के लिए रखा गया ज्वलनशील सामान आग की चपेट में है। टेंट, लकड़ी के फोल्डिंग टेबल, बर्तन, मैट, रजाई-गद्दे और अन्य सामान के कारण आग बार-बार भड़क रही थी। आग की लपटें पास के रिहायशी मकानों की ओर बढ़ने लगीं, जिससे बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त फायर टेंडर भी मौके पर बुलाए गए। फायर ब्रिगेड की कई यूनिटों ने चारों तरफ से आग पर काबू पाने की कोशिश की और करीब 30 हजार लीटर पानी के इस्तेमाल के बाद कड़ी मशक्कत से आग पर नियंत्रण पाया गया।
समय रहते की गई कार्रवाई से आसपास के रिहायशी मकानों को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। फायर स्टेशन ऑफिसर किशोर उपाध्याय के अनुसार, प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन और विस्तृत जांच की जा रही है।
