दुबई: पाकिस्तान ने शुक्रवार (12 सितंबर) को दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-ए मुकाबले में ओमान को 93 रनों से हराकर एशिया कप में विजयी आगाज़ किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 160 रन बनाए। टीम के लिए मोहम्मद हारिस हीरो साबित हुए, जिन्होंने 32 गेंदों पर 66 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं, फखर जमान ने नाबाद 23 रन का योगदान दिया।

ओमान की ओर से कलीम और फैसल ने तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि शकील अहमद ने चार ओवर में महज 17 रन खर्च कर किफायती गेंदबाजी की। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की टीम पाकिस्तानी गेंदबाजों के आगे पूरी तरह धराशायी हो गई। केवल आमिर कलीम (13) और हम्माद मिर्जा (27) ही कुछ देर टिक पाए। पावरप्ले में 40/2 का स्कोर बनाने के बाद ओमान की पूरी टीम 16.4 ओवर में 67 रन पर ढेर हो गई।
पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में फहीम अशरफ, मुकीम और अयूब ने दो-दो विकेट झटके। जबकि शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद और मोहम्मद नवाज को एक-एक सफलता मिली।
पाकिस्तान की यह जीत टीम के आत्मविश्वास के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है, लेकिन अब उसका अगला मुकाबला मौजूदा टी20 विश्व विजेता और गत एशिया कप चैंपियन भारत से है। भारत ने अपने पहले मैच में संयुक्त अरब अमीरात को 9 विकेट से हराकर टूर्नामेंट का शानदार आगाज़ किया था। पाकिस्तान और भारत के बीच महामुकाबला रविवार (14 सितंबर) को खेला जाएगा, जिसका क्रिकेटप्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है।
