देहरादून: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को 287 और नये चिकित्सक मिलेंगे। राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने चिकित्सा अधिकारियों की सीधी भर्ती के लिये अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे हैं। चयन बोर्ड ने भर्ती के लिए बृहस्पतिवार को विज्ञप्ति जारी की है। आनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 दिसम्बर निर्धारित की है।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आम जनता को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। स्वास्थ्य विभाग ने प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के अंतर्गत साधारण ग्रेड चिकित्सा अधिकारियों के रिक्त 287 पदों सीधी भर्ती के लिए राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को अधियाचन भेजा था, जिसमें 231 पद सीधी भर्ती और 56 बैकलाग के पद शामिल हैं। चयन बोर्ड द्वारा जारी भर्ती विज्ञप्ति में चिकित्सा अधिकारियों के इन पदों में अनारक्षित श्रेणी के कुल 141, अनुसूचित जाति 70, अनुसूचित जनजाति 11, अन्य पिछड़ा वर्ग 38, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के तहत 27 पद शामिल हैं। इसके लिए आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आगामी 20 नवम्बर से शुरू हो जायेगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 10 दिसम्बर को निर्धारित की गई है। चयन बोर्ड से चिकित्सकों के चयन के उपरांत उन्हें प्रदेश के दूरस्थ चिकित्सालयों में प्रथम तैनाती दी जायेगी, ताकि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिले सकेगी।
