चंडीगढ़/चरखी दादरी: हरियाणा में वाहन नंबरों का क्रेज किस हद तक जाता है, इसका ताजा उदाहरण चरखी दादरी जिले के बाढड़ा सब-डिवीजन में देखने को मिला, जहां एक फैंसी नंबर की नीलामी ने नया रिकॉर्ड बना दिया। बुधवार को आयोजित ई-नीलामी में ‘HR-88-B-8888’ नंबर के लिए राज्य के एक बिजनेसमैन ने 1.17 करोड़ रुपये की बोली लगाकर सबको हैरान कर दिया। इस नंबर की शुरुआती रिजर्व प्राइस मात्र 50,000 रुपये थी, लेकिन बोली ने करोड़ का आंकड़ा पार करते ही प्रशासन और प्रतिभागियों दोनों में उत्सुकता बढ़ा दी।
नीलामी में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को 1,000 रुपये की भागीदारी फीस और 10,000 रुपये सुरक्षा राशि जमा करानी होती है। बिजनेसमैन, जिन्होंने अपनी पहचान गुप्त रखने का अनुरोध किया, ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि बोली इतनी ऊँची जाएगी। उन्होंने कहा, “मैंने कोई तय बजट नहीं रखा था। नंबर पसंद आया, इसलिए बोली बढ़ाता गया।”
उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल उन्होंने तय नहीं किया है कि इस फैंसी नंबर को किस गाड़ी पर लगाया जाएगा। हरियाणा में फैंसी और वीआईपी नंबरों का क्रेज पहले भी देखा गया है, लेकिन इतनी भारी भरकम बोली ने इस बार एक नया रिकॉर्ड दर्ज कर दिया है।
