Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhandदेहरादून

देहरादून जिला न्यायालय को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

देहरादून:  देहरादून में जिला न्यायालय को बुधवार सुबह एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह लगातार तीसरा दिन है जब न्यायालय को निशाना बनाते हुए धमकी भरा ई-मेल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली कराया और सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला जज कार्यालय को ई-मेल के माध्यम से धमकी दी गई थी। मेल मिलते ही न्यायालय प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली गई। एहतियातन न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं को परिसर से बाहर निकाल दिया गया।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। पूरे परिसर की बारीकी से जांच की गई, हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद न्यायालय की कार्यवाही दोबारा शुरू कर दी गई। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा सर्वोपरि है और सभी अधिवक्ता प्रशासन के निर्देशों का पालन कर रहे हैं। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

उल्लेखनीय है कि बीते कुछ दिनों से प्रदेश के विभिन्न जिलों के न्यायालयों को इसी प्रकार की धमकियां मिल रही हैं। इससे पहले नैनीताल, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, टिहरी, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार के न्यायालयों को भी धमकी भरे संदेश प्राप्त हो चुके हैं। पुलिस इन ई-मेल की तकनीकी जांच कर स्रोत का पता लगाने में जुटी है

Leave a Comment