Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई: नकली दवा बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, ३ आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: उत्तराखंड में नकली दवाओं के अवैध कारोबार पर स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने रुड़की और देवबंद में समन्वित छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, 1 जून 2025 को संतोष कुमार नामक व्यक्ति को प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम पर तैयार किए गए नकली रैपर, आउटर बॉक्स, लेबल और क्यूआर कोड के साथ पकड़ा गया था। प्रारंभिक जांच थाना सेलाकुई, देहरादून में दर्ज मुकदमे के तहत शुरू हुई, जिसे बाद में विस्तृत विवेचना के लिए एसटीएफ को सौंप दिया गया।

जांच में सामने आया कि पहले गिरफ्तार आरोपी नवीन बंसल उर्फ अक्षय (निवासी भिवाड़ी, राजस्थान) ने नरेश धीमान, लोकेश गुलाटी और मोहतरम अली से ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर तैयार नकली दवाएं खरीदकर बाजार में खपाईं। आरोप है कि इन सभी ने संगठित रूप से दवाओं की पैकेजिंग से लेकर सप्लाई तक की पूरी श्रृंखला संचालित की।

छापेमारी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में कच्चा माल और तैयार दवाएं बरामद कीं। जब्त सामग्री में 263 किलोग्राम पैरासिटामोल पाउडर, 2490 किलोग्राम जिंक पाउडर, 5000 पैरासिटामोल टैबलेट और 16,200 ऑक्सालजिन-डीपी टैबलेट शामिल हैं। उत्तराखंड की राजकीय प्रयोगशाला में परीक्षण के दौरान सभी नमूने और पैकिंग सामग्री नकली पाई गई।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि गिरोह के नेटवर्क की विस्तृत पड़ताल की जा रही है और अन्य राज्यों से भी सूचनाएं जुटाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नकली दवाओं के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि आरोपी लोकेश गुलाटी के खिलाफ थाना गंगनहर, हरिद्वार में भी एक अन्य मामला दर्ज है।

Leave a Comment