Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhandदेशदेहरादून

उत्तराखंड: खराब मौसम के कारण पीएम मोदी का हवाई सर्वे रद्द, एयरपोर्ट पर हुई हाईलेवल बैठक..जानिये?

देहरादून:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज उत्तराखंड दौरा था, जहां उन्हें आपदा प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण करना था। लेकिन अचानक मौसम खराब होने के चलते यह सर्वे रद्द करना पड़ा। पीएम मोदी जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी, आपदा प्रभावितों और बचाव कार्यों में जुटी टीमों से मुलाकात कर हालात की जानकारी ली।

 

 

हवाई सर्वेक्षण रद्द, एयरपोर्ट पर ही बैठक

पीएम मोदी को उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी और पौड़ी के प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण करना था। लेकिन घने बादल और खराब विज़िबिलिटी के चलते हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में ही उच्चस्तरीय बैठक बुलाई।

इस दौरान सीएम धामी, मुख्य सचिव आनंद वर्धन, आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी और केंद्र की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने आपदा से जुड़े नुकसान का विस्तृत प्रजेंटेशन प्रधानमंत्री के सामने रखा।

आपदा पीड़ितों से सीधी बातचीत..

बैठक से पहले पीएम मोदी ने आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों से उनके हालात पूछे और भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार हर संभव मदद करेगी। पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड हर साल आपदाओं से जूझता है और इस बार का नुकसान बेहद गंभीर है।

राहत एजेंसियों के काम की सराहना

प्रधानमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमों से भी मुलाकात की। उन्होंने उत्तराखंड एसडीआरएफ की तारीफ करते हुए कहा कि जिस तरह राज्य पुलिस विभाग से अलग आपदा प्रबंधन बल तैयार किया गया है, वह काबिले तारीफ है।  आपदा प्रबंधन विभाग ने पीएम मोदी को एक फोटो गैलरी दिखाई जिसमें टूटे घर, नष्ट सड़कें, प्रभावित गांव और राहत कार्यों की तस्वीरें थीं। मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने आपदा से हुए नुकसान पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

उत्तराखंड की हालिया आपदाएं..

उत्तरकाशी (5 अगस्त): धराली क्षेत्र में खीरगंगा गाड़ से आई बाढ़ ने पूरे बाजार को नष्ट कर दिया। कई लोग अब भी लापता हैं।

पौड़ी (6 अगस्त): भारी बारिश और भूस्खलन से कई मकान ढहे और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा। यहां भी लोग लापता हैं।

चमोली (23 अगस्त): थराली क्षेत्र में लैंडस्लाइड और अतिवृष्टि ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। एक युवती की मौत हुई और कई लोग प्रभावित हुए।

5702 करोड़ का आर्थिक पैकेज मांगा..

बारिश और आपदाओं से राज्य को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उत्तराखंड सरकार ने केंद्र से ₹5702 करोड़ के पैकेज की मांग की है। गृह मंत्रालय को इस संबंध में मेमोरेंडम भी सौंपा जा चुका है।

केंद्र सरकार की टीम पहले ही प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेकर लौट चुकी है। अब पीएम मोदी की बैठक के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि राज्य को जल्द ही बड़ी आर्थिक सहायता मिलेगी।

Leave a Comment