Udayprabhat
Breaking Newsदुनियादेश

चेन्नई एयर शो में हुए हादसे पर बवाल; AIADMK ने मांगा तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा

चेन्नई के मरीना एयर फील्ड में हुए एयर शो के दौरान हुए हादसे के बाद तमिलनाडु सरकार और स्थानीय प्रशासन सवालों के घेरे में आ गया है। दरअसल, एयर शो के दौरान दम घुटने से पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 100 से ज्यादा लोगों की गर्मी के चलते तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। दावा यह भी किया गया कि एक व्यक्ति की मौत हीट स्ट्रोक के चलते हुई। इस बीच अन्नाद्रमुक नेता कोवई सत्यन ने तमिलनाडु की स्टालिन सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंपें स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यम के इस्तीफे की मांग की और घटना को द्रमुक सरकार का कुप्रबंधन करार दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने पहले दावा किया था कि एयर शो कार्यक्रम के दौरान हीटस्ट्रोक के कारण पांच लोगों की जान चली गई। इस बीच अन्नाद्रमुक नेता सत्यन ने कहा कि जब आपके पास एक अयोग्य व्यक्ति मुख्यमंत्री के रूप में हो, तो उसके मंत्रियों की परिषद भी अयोग्य ही होगी। आप इससे अच्छे परिणाम की उम्मीद नहीं कर सकते। एमके स्टालिन और उनका परिवार एयर-कंडीशन में बैठकर एयर शो का आनंद ले रहा था, जबकि लोगों को यह एयर शो देखने के लिए 5-10 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा

उन्होंने आगे दावा किया कि एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार इस कार्यक्रम का उचित समन्वय और प्रबंधन नहीं कर पाई। मेरी आंखों के सामने बच्चे गिर रहे थे। ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी, जो लोगों की मदद कर सके, उन्हें रास्ता दिखा सके, उन्हें उनकी जरूरत को लेकर बता सके। पानी देने वाले कोई बूथ नहीं थे और कोई चिकित्सा सहायता भी नहीं थी। कोई यातायात प्रबंधन नहीं था। यह पूरी तरह से कुप्रबंधन है। अनमोल जीवन खो गए हैं। मा सुब्रमण्यम में सहानुभूति और आत्म-चेतना नाम की कोई चीज नहीं है। उन्हें स्वास्थ्य मंत्री के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

 

Leave a Comment