Udayprabhat
Breaking Newsदेश

मथुरा में आस्था का सैलाब: विभिन्न देशों के भक्तों ने विधि-विधान से किया गोवर्धन पूजन, लगाई परिक्रमा,

भगवान श्रीकृष्ण की क्रीड़ा स्थली गोवर्धन में शनिवार को आस्था की अद्भुत झलक दिखाई दी। भारतीय परिधान में विदेशी भक्तों के मुख से हरिनाम संकीर्तन के साथ भारतीय संस्कृति की बिखरती छटा देखते ही बन रही थी। किसी के सिर पर मटकी थी तो कोई छप्पन भोग की छबरी लेकर यहां आया था।

गिरिराज जी की तलहटी में द्वापर युग की परंपरा में पूजा हुई। माखन-मिश्री की मटकी व छप्पन भोग की टोकरी लेकर देशी-विदेशी भक्त गोवर्धन पहुंचे। सब देवन कौ देव है आज यई को ध्यान धरिंगे… तोपे पान चढै तौपे दूध चढ़े और चढ़े दूध की धार… आदि भजनों की धुन पर गिरिराज जी के प्राकट्य स्थल गिरिराज धाम में लाखों भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। क्या देशी क्या विदेशी भक्त चहुंओर गिरिराज महाराज के जयकारे गूंज रहे हैं।

भक्तों की उमड़ी भीड़

आस्था का सैलाब इस प्रकार उमड़ा कि परिक्रमा में भक्तों की भीड़ ही भीड़ दिखाई दे रही है। गिरिराज धाम में एक बार फिर से द्वापर युग की याद ताजा हो गई। द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों के संग गोवर्धन नाथ की पूजा की थी। आज देश ही नहीं बल्कि विदेशों से आये भक्तों ने पूजा की। गिरिराज जी के समक्ष छप्पन भोग लगाए गये। आस्था में जगह-जगह फूल बंगला व ठाकुर जी के शृंगार के अदभुत दर्शन हुए। भक्त गिरधारी गौड़ीय मठ से छप्पन भोग की टोकरी सिर पर रखकर मानसी गंगा की परिक्रमा करते हुए राजा वाले मंदिर पर पहुंचे।

Leave a Comment